कल्प समाज सेवी संस्था के द्वारा 50 गांवों में मनाया गया बीज उत्सव।

कसडोलः कल्प समाज सेवी संस्था द्वारा सामुदायिक नेतृत्व समारोह सह बीज उत्सव मनाया गया, जिसमें कसडोल ब्लॉक के 50 से अधिक गांव से लगभग 1000 पुरुष महिला किसान शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर जिला बलौदाबाजार से कृषि विभाग के अधिकारी दीपक नायर एवं कसडोल ब्लॉक से धनेश्वर साय शामिल हुए। साथ ही जनपद पंचायत कसडोल के मनरेगा विभाग के अधिकारीगण, पशुपालन विभाग, मतस्यपालन विभाग, वन विभाग कसडोल और अजीम प्रेमजी फाउण्डेशन से अधिकारी शामिल रहे कल्प समाज सेवी संस्था छत्तीसगढ़ राज्य के कई जिलों में कार्य कर रही है। जांजगीर और बलौदाबाजार जिले में प्रमुख रूप से कल्प द्वारा गांव और लोगों की मदद के लिए अपनी क्षमता अनुसार कार्य किया जा रहा है। कल्प मुख्य तौर पर आजीविका, स्थास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, सामुदायिक गतिशिलता और शिक्षा के विषयों पर कार्य किया जाता है। वर्तमान में कसडोल में ब्लॉक स्तर का कम्प्यूटर प्रशिक्षण केन्द्र भी इसके द्वारा संचालित किया जा रहा है, जिसमें कि नेत्रहीन एवं अल्प दृष्टि वाले बच्चों को निःशुल्क कम्प्यूटर प्रशिक्षण दिया जाता है। बीज उत्सव कार्यक्रम में जैविक खेती और सब्जी उगाने के तरीके चरण तो किसानों को बताए ही गए, उसके साथ ही साथ जैविक विधि से उगे हुए फसलों की प्रदर्शनी भी लगाई गई थी, जिसमें 130 प्रकार के देशी धान के बीज और उनके उपज और सब्जी में लौकी, धनिया मिर्ची, भिण्डी, जीमीकंद, कोचाई और हरे पत्ते वाली बहुत सी सब्जियाँ। कार्यक्रम का संचालन संस्था प्रमुख मोईन जाफर एवं अभिषेक यादव किया गया। अतिथियों के स्वागत, उद्बोधन के साथ ही साथ ग्रामीण अंचल से आए किसानों द्वारा अनेक प्रस्तुतियाँ भी दी गई।

साथ ही अनेक किसानों ने अपने अनुभव भी कार्यक्रम में शामिल किसानों से साझा किया गया, किसानों ने बताया कि किस तरह से जैविक विधि से कृषि कर रहें हैं और उनको क्या फायदे हो रहे हैं। रसायनिक कृषि से हो रहे नुकसानों के बारे में भी किसानों के बीच चर्चा रही, किसानों ने स्टेज से कार्यक्रम में शामिल अन्य किसानों को जैविक खेती के फायदों को बताया, जिससे कि दूसरे किसान भी जैविक कृषि करने को सामने आए और जैविक दृष्टिकोण से खेती को करें कार्यक्रम में शामिल अतिथियों द्वारा कल्प समाज सेवी संस्था के इस प्रयास की सराहना की गई एवं कृषि विभाग के शासकीय कार्यक्रमों से भी जुडकर जैविक खेती को और अधिक बढ़ाने पर जोर दिया, मुख्य अतिथि महोदय द्वारा शासकीय योजनाओं में हम किस प्रकार से मिलकर किसानों को और अधिक फायदा दिला सकते हैं इस बारे में कहा। कार्यक्रम में शामिल जनपद पंचायत के अधिकारियों ने महात्मा गांधी नरेगा के विषय में किसानों और कृषि के उपलब्ध योजनाओं को बताया, साथ ही योजनाओं के लिए आवश्यक दस्तावेजों के बारे में भी पूर्ण रूप से किसानों को जानकारी दी। कार्यक्रम में कल्प समाज सेवी संस्था के समस्त कार्यकर्तागण और अधिकारी शामिल रहें, मोईन जाफर, अभिषेक, महेन्द्र, कविता, मनोज, गोरेलाल, दिगम्बर, रूपसिंग, कृष्णकुमार, मोहित, सुनील और अन्य सभी साथी शामिल रहें।